Ranchi : झारखंड सरकार की झारगोव टीवी के फेसबुक और इंस्टाग्राम को हैक कर उलूल-जुलूल तस्वीरें और अश्लील वीडियो डालने जैसे संगीन जुर्म की जांच शुरू कर दी गई। जांच का जिम्मा रांची की साइबर DSP यशोधरा को दिया गया है। आशंका जताई जा रही है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक करने में झारगोव टीवी में कार्यरत किसी की भूमिका हो सकती है। वैसे, साइबर टीम पूरे मामले की गहराई से तहकीकात कर रही है। इस कांड में किसी साइबर क्रिमिनल का हाथ है या नहीं, यह जांच के बाद ही सामने आयेगा। जांच में जो कोई दोषी पाये जायेंगे, उनपर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इस संबंध में गोंदा थाने में FIR दर्ज किया गया है।
फिलहाल नये लिंक पर दोनों ही प्लैटफॉर्म से अश्लील सामग्री हटा दी गई है। साइबर टीम ने फेसबुक से भी संपर्क साधा है। फेसबुक ने कार्रवाई करते हुये फिलहाल नये पेज से सभी अश्लील वीडियो हटा दिए हैं। हालांकि पुराना लिंक खोलने पर अभी भी अश्लील वीडियो पेज पर दिखाई दे रहे हैं। साइबर टीम को फेसबुक की तरफ से यह भरोसा दिया गया है कि अगले 24 घंटे में बाकी अश्लील वीडियो और फोटो भी हटा दिये जायेंगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, झारखंड सरकार के अधिकृत सरकारी ब्रॉडकास्टिंग चैनल झारगोव टीवी का फेसबुक और इंस्टाग्राम एक साथ हैक कर लिया। हैक करने के बाद उसमें अश्लील वीडियो और फोटो डाले जा रहे थे। मामला सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस ने सारे अश्लील पोस्ट हटा लिये। आशंका है कि साइबर क्रिमिनलों के द्वारा झारगोव टीवी के इंस्टाग्राम और फेसबुक के पासवर्ड और यूजर नेम को बदल कर पेज पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने लगे। सूत्रों का कहना है कि अगर यूजरनेम और पासवर्ड रिकवर नहीं होता है तो पेज को डिलीट कर नये ID पासवर्ड से फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया जायेगा। फिलहाल अधिकांश अश्लील वीडियो डिलीट कर दिए गये हैं।






