Ranchi : झारखंड स्थापना दिवस का उत्सव अब राज्य के गांवों और कस्बों में विकास, जनकल्याण और जनभागीदारी की नई तस्वीर भी उभर रही है। स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 20 नवंबर को रांची समेत राज्य के 11 जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कहीं वर्षों का सपना पूरा होने पर परिवारों ने नये पक्के घर में गृह प्रवेश किया, तो कहीं महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर आत्मनिर्भरता की राह मजबूत की गई। किसानों को उन्नत खेती की तकनीक बताई गई और ग्रामीण प्रतिभाओं को खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिये आगे बढ़ने का अवसर मिला। चतरा, लातेहार, दुमका, गिरिडीह, गढ़वा, खूंटी, सिमडेगा, गोड्डा, धनबाद और जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिये सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने की पहल की गई।
जीवन में आई नई उम्मीद
पखवाड़े के दौरान आवास योजनाओं के लाभुकों के लिये गृह प्रवेश कार्यक्रम खास आकर्षण रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना और पीएम-जनमन के तहत तैयार घरों में परिवारों ने नये जीवन की शुरुआत की। चतरा में 98, गोड्डा में 261 और जमशेदपुर के बहरागोड़ा एवं गुड़ाबांदा में 110 परिवारों ने अपने नये घर में प्रवेश किया। वहीं, लातेहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के 26, अबुआ आवास योजना के 57 और पीएम-जनमन के पांच आवासों का गृह प्रवेश कराया गया। कई जगह लाभुकों को घर की चाबी सौंपने के साथ फलदार पौधे भी दिये गये। गिरिडीह में विशेष रूप से बिरहोर समुदाय के परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। महिला सशक्तीकरण और आजीविका संवर्धन के लिए भी कई जिलों में पहल की गई। JSLPS के माध्यम से सखी मंडलों को आर्थिक सहायता, सामुदायिक निवेश निधि और आजीविका से जुड़े संसाधन उपलब्ध कराये गये। जमशेदपुर में मुख्यमंत्री फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत बहरागोड़ा की आठ और गुड़ाबांदा की 37 लाभुक महिलाओं को आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, रांची में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पांच दीदियों को कुल पांच लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। महिला समूहों को फूलों की खेती, कृषि, पशुपालन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जोड़ने की पहल भी की गई।
खेतों में नई तकनीक, किसानों को उन्नत खेती का मंत्र
किसानों की आमदनी और कृषि उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से रांची, लातेहार, खूंटी और दुमका में रबी कर्मशाला, कृषि मेला और खेत बचाओ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किये गये। किसानों को उन्नत खेती, बेहतर बीज, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड और ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई की जानकारी दी गई। लातेहार और दुमका में एकीकृत मत्स्य पालन तथा माइक्रो ड्रिप सिंचाई को प्रोत्साहित किया गया। खूंटी में बीज वितरण के साथ कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जहां किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से अवगत कराया गया।स्थापना दिवस पखवाड़े में खेल और संस्कृति का रंग भी देखने को मिला। रांची, चतरा, लातेहार, दुमका, गोड्डा, सिमडेगा, खूंटी और जमशेदपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल के साथ गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़ और पारंपरिक जनजातीय खेलों में प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। सिमडेगा में गीत-संगीत और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जबकि खूंटी में जिला स्तरीय युवा महोत्सव के जरिये युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला। इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय खेल प्रतिभाओं और झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
स्वच्छता से स्वास्थ्य तक, जागरूकता का अभियान
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी राज्यभर में गतिविधियां आयोजित की गईं। प्लास्टिक मुक्त पंचायत अभियान, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की साफ-सफाई, हाथ धुलाई और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। 20 नवंबर को राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ आंगनबाड़ी दिवस मनाया गया। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, इस अभियान में राज्यभर से कुल 2,01,384 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई कार्यक्रम हुये। चतरा में दिव्यांग शिविर के साथ निबंध, क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दुमका में समर अभियान के तहत कुपोषित बच्चों की पहचान और उपचार से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। रांची में रक्तदान शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों के बीच विज्ञान मॉडल, चित्रकला, निबंध और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। गढ़वा में सड़क निर्माण का शिलान्यास करने के साथ स्वच्छता और नशामुक्ति अभियान चलाया गया। रांची और जमशेदपुर में पारंपरिक ग्राम व्यवस्था से जुड़े मानकी, मुंडा और ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया। वहीं, चतरा में दुधारू गाय मेला एवं प्रदर्शनी के दौरान पांच लाभुकों के बीच गायों का वितरण किया गया।





