Ranchi : आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। बुधवार को रांची में राज्य भाजपा के चुनाव पदाधिकारी जुएल उरांव ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। घोषणा के साथ ही पार्टी में उत्साह का माहौल है, खासकर धनबाद कोयलांचल समेत पूरे राज्य में कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए अहम कदम बताया है।OBC समुदाय से आने वाले आदित्य साहू के चयन को सामाजिक संतुलन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इससे पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ेगा और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि साहू के नेतृत्व में झारखंड भाजपा में सकारात्मक बदलाव दिखेगा।कुल मिलाकर, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि आदित्य साहू के नेतृत्व में भाजपा का संगठनात्मक ढांचा और मजबूत होगा और आने वाले दिनों में पार्टी झारखंड में अधिक आक्रामक और प्रभावी भूमिका में नजर आयेगी।








