Ranchi : दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी समेत पूरे झारखंड में पंडालों की तैयारियां तेज हैं। इसी बीच JBVNL ने पूजा समितियों को बिजली सुरक्षा को लेकर अलर्ट किया है। विभाग ने साफ कहा है कि पंडालों में बिजली के लिए वैध कनेक्शन लेना जरूरी है। अवैध कनेक्शन मिलने पर कार्रवाई की जायेगी। JBVNL रांची प्रक्षेत्र के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने बताया कि बिजली चोरी या अवैध कनेक्शन के मामले में इलेक्ट्रिसिटी एक्ट-2003 के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। नियम पूजा पंडाल और आम घर, दोनों पर लागू हैं। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली व्यवस्था में छोटी सी लापरवाही भी हादसे की वजह बन सकती है।
पंडाल में ऐसे करें वायरिंग
विभाग ने पूजा समितियों से स्टैंडर्ड क्वालिटी के तार इस्तेमाल करने की अपील की है। वायरिंग मजबूत और सुरक्षित होनी चाहिये। श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्ते यानी पैसेज में तार नहीं बिछाये जायें। जहां तार जोड़ या कटे हों, वहां सही तरीके से मरम्मत की जाये। खुले या खराब कनेक्शन को पंडाल में इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई है।
पूजा में 24 घंटे अलर्ट रहेगा बिजली विभाग
JBVNL ने दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी की है। कंट्रोल रूम के साथ विभागीय टीमें लगातार ड्यूटी पर रहेंगी। स्थानीय स्तर पर फॉल्ट होने पर उसे जल्द ठीक करने के लिए अलग टीमें बनाई गई हैं। खराब या जले ट्रांसफॉर्मर को बदलने और दुरुस्त करने के लिए अक्टूबर के पहले सप्ताह से विशेष अभियान भी चलाया जायेगा।





