Kohramlive : ICC वनडे वर्ल्ड कप 2027 का पूरा कार्यक्रम जारी हो गया है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जायेगा। 14 टीमें खिताब के लिये उतरेंगी और तीन देशों के 12 वेन्यू पर 57 मुकाबले होंगे।
भारत-पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
ग्रुप चरण में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है। इनके साथ ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-A होंगे।
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे, क्वालिफायर-A
ग्रुप B: दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश, क्वालिफायर-B
विंडहोक से शुरू होगा टूर्नामेंट
विश्व कप का आगाज 2 अक्टूबर को नामीबिया की राजधानी विंडहोक में सुपर सीरीज से होगा। इस चरण में तीन टीमें भिड़ेंगी। शीर्ष टीम मुख्य ग्रुप चरण में पहुंचेगी। इसके बाद 12 टीमें दो ग्रुप में बंटेंगी। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों से खेलेगी। यहां से कुल सात टीमें सुपर-7 में पहुंचेंगी। सुपर-7 में सातों टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी। कुल 21 मैच होंगे। अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहले स्थान वाली टीम चौथे स्थान से और दूसरे स्थान वाली टीम तीसरे स्थान से भिड़ेगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता 21 नवंबर को फाइनल खेलेंगे।
2023 से कितना बदला प्रारूप?
2023 में 10 टीमों ने एक ही लीग चरण खेला था। हर टीम ने नौ मैच खेले और शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थीं। 2027 में टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 14 हो गई है। इस बार सुपर सीरीज, ग्रुप चरण और सुपर-7 के बाद नॉकआउट मुकाबले होंगे। विश्व कप के लिये दक्षिण अफ्रीका में 8, जिम्बाब्वे में 3 और नामीबिया में 1 वेन्यू तय किया गया है। टिकटों के लिये 1 अक्टूबर 2026 से बैलेट रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। ICC के मुताबिक यह प्रक्रिया पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नहीं होगी। टिकट के लिये आवेदन करना सीट मिलने की गारंटी नहीं है।






