Chouparan(Krishna Paswan) : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सुरक्षा और सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रारंभ हुई “जागते रहो भारत यात्रा” चौपारण के Surekha Prakash Bhai Public School पहुंची। 11,000 किलोमीटर और 20 राज्यों की इस अभूतपूर्व यात्रा की शुरुआत माउंट आबू (राजस्थान) से हुई थी और समापन 7 जून 2025 को प्रस्तावित है। इसका मुख्य मकसद महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति सामाजिक चेतना, यौन हिंसा के कारणों पर खुली चर्चा और स्कूल पाठ्यक्रम में यौन शिक्षा की अनिवार्यता पर जोर देना है। विशेषज्ञ के तौर पर राजेंद्र कुमार (हरियाणा), जम्मू वेन (गुजरात) एवं शत्रुघ्न झा (बिहार) मौजूद थे।
इन विशेषज्ञों ने छात्राओं व महिला शिक्षिकाओं से संवाद करते हुये यौन हिंसा, सामाजिक संरचना और शिक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यौन शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल करना समय की मांग है। विद्यालय की प्राचार्या रीना पांडेय ने अतिथियों का स्वागत फूलों के गुलदस्ते और स्वागत गान के साथ किया। अतिथियों ने विद्यालय सचिव सतीश गिरजा के प्रयासों की सराहना करते हुये इस शैक्षणिक संस्थान को जागरूकता का मजबूत केंद्र बताया। जम्मू वेन और शत्रुघ्न झा की प्रस्तुतियों ने सभागार में ऐसा समां बांधा कि शिक्षक और छात्र देर तक ताली बजाते रह गये। संगीत के जरिये उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों में महिला सम्मान और सुरक्षा को लेकर स्पष्टता और गंभीरता आई। यह यात्रा अब सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आंदोलन बनता जा रहा है — “जागते रहो भारत”।








