Ranchi : राजधानी रांची के कटहल मोड़ पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े एक कारोबारी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से राधेश्याम साहू नाम के कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राधेश्याम साहू रोज की तरह शांभवी इंटरप्राइजेज के बाहर खड़े थे, तभी दो बाइक सवार बदमाश आये और उन्हें निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण SP प्रवीण पुष्कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अपराधियों की तलाश के लिये CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पीड़ित परिवार से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस हमले के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है। बताया जा रहा है कि राधेश्याम साहू कटहल मोड़ पर सीमेंट और छड़ के कारोबारी हैं। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।














