Kohramlive : कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार देर रात बड़ा तकनीकी संकट सामने आया। लैंडिंग से ठीक पहले विमान के बायें इंजन में खराबी आ गई। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय कर दिया गया।
224 लोगों की अटकी सांसें
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से चेन्नई आ रही थी। विमान में कुल 224 लोग सवार थे। फ्लाइट को रात 11:30 बजे चेन्नई पहुंचना था। लेकिन लैंडिंग से ठीक पहले बाएं इंजन में खराबी की जानकारी मिली। कुछ ही देर में एयरपोर्ट पर आपात तैयारियां शुरू हो गईं। तमाम आशंकाओं के बीच विमान ने रात 11:37 बजे रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के जमीन पर उतरते ही यात्रियों और एयरपोर्ट अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सबसे बड़ी राहत की बात रही कि विमान में सवार सभी 224 लोग सुरक्षित थे। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। करीब 10 मिनट बाद, रात 11:47 बजे फुल इमरजेंसी हटा ली गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, घटना के बाद चेन्नई एयरपोर्ट का संचालन सामान्य रहा। लैंडिंग से ठीक पहले इंजन में आई खराबी ने कुछ मिनटों के लिए चेन्नई एयरपोर्ट को हाई अलर्ट पर ला दिया। लेकिन पायलट की सूझबूझ और इमरजेंसी तैयारियों के चलते विमान सुरक्षित जमीन पर पहुंच गया।















