Ranchi : राजधानी रांची में एक दुस्साहसिक वारदात हुई। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही 12वीं की एक छात्रा रविवार की सुबह अकादमी जा रही थी। तभी बीच सड़क पर एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी की और जबरन अपनी बाइक पर बैठाने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बाल पकड़कर खींचा। यह घटना करमटोली चौक से जेल मोड़ के बीच सुबह करीब आठ बजे की बताई जा रही है। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुये शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लालपुर थाना की पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची।
अकादमी जा रही थी छात्रा, रास्ते में करने लगा पीछा
सूत्रों के अनुसार, छात्रा मोरहाबादी के तेतर टोली ब्रिज के पास स्थित चंद्रावती एन्क्लेव में रहती है। उसका स्थायी पता देवघर के दुखी साह चौक, धानुक टोला में है। वह लालपुर थाना क्षेत्र स्थित खान अकादमी में 12वीं की पढ़ाई कर रही है और बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटी है। छात्रा ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे वह अकादमी जाने के लिये घर से निकली थी। इसी दौरान करमटोली चौक से जेल मोड़ के बीच बाइक सवार एक युवक उसका पीछा करने लगा। आरोप है कि युवक ने उसे अपनी बाइक पर बैठने के लिये कहा। छात्रा के मुताबिक, जब उसने बाइक पर बैठने से इनकार किया, तो युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसके बाल पकड़कर खींचे और गलत नीयत से छूते हुये छेड़खानी की। अचानक हुई इस घटना से छात्रा घबरा गई, उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। उसकी आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर उससे पूछताछ की। इस दौरान उसने अपना नाम गोलू कुमार और पिता का नाम संजय सिंह बताया। वह बिहार के भोजपुर का रहने वाला बताया गया है।






