UP : मथुरा के सुखदेवपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुरुवार रात एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले पीटा, फिर छत से नीचे फेंका और मौत के बाद शव को खेत में दफना दिया। हत्या का खुलासा शुक्रवार सुबह तब हुआ, जब महिला के देवर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संदेही गुनहगार पति विजय की निशानदेही पर खेत से 30 साल की रेखा देवी का शव बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रेखा के पिता की शिकायत पर पति विजय, सास, जेठ, देवर समेत छह लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस ने मौके से पति को गिरफ्तार कर लिया है। विजय पेशे से राजमिस्त्री है।

12 साल पहले प्यार से शुरू हुई थी कहानी, पर खत्म हुई खून से
रेखा और विजय की मुलाकात 12 साल पहले ईंट भट्ठे पर हुई थी। वहीं से दोनों का प्रेम शुरू हुआ और शादी तक पहुंचा। घरवाले पहले इस शादी के खिलाफ थे। लेकिन समय के साथ सबने रेखा को अपना लिया। शादी के बाद रेखा ने छह बेटियों को जन्म दिया। लेकिन पिछले दो सालों से विजय का एक दिव्यांग युवती से अवैध संबंध चल रहा था। इसी को लेकर पति-पत्नी में लगातार विवाद होता रहता था। विजय पीने का आदि था। गुरुवार रात भी वह पीकर घर आया। दोनो पति-पत्नी में पहले झगड़ा हुआ। विजय ने बुरी तरह रेखा को पीटा। इसके बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। मौके पर ही उनके प्राण निकल गये।

हत्या के बाद रोज़मर्रा का बहाना, फिर बाप से टूटी चुप्पी
शुक्रवार सुबह विजय रोज़ की तरह पशुओं को चारा डाल रहा था। किसी को शक भी नहीं हुआ कि वह रात में एक क्रूर हत्या को अंजाम दे चुका है। जब पिता प्रकाश ने बहू के बारे में पूछा, तो पहले वह चुप रहा। बाद में जब सख्ती से पूछा गया तो विजय ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। फॉरेंसिक टीम ने घर और खेत से साक्ष्य जुटाये हैं। एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार ने मामले की पुष्टि की और बताया कि शराब और अवैध संबंधों ने इस घर को तबाह कर दिया।











