UP : यूपी के हरदोई की सरजमीं पर दो साल पुरानी इश्क और साजिश की दास्तान ने सबको सन्न कर दिया। एक रॉन्ग नंबर से शुरू हुई मोहब्बत ने शादीशुदा सोनम (30) को घर-परिवार से तोड़कर प्रेमी मसीदुल के करीब ला दिया। लेकिन यही प्यार धीरे-धीरे नफरत और खून की कहानी में बदल गया। अबतक जो बातें सामने आई है, उसके अनुसार, अगस्त 2023 को सोनम अचानक लापता हो गई थी। पति ने पुलिस में अपहरण का केस दर्ज कराया। दो साल तक छह IO बदलते रहे लेकिन रहस्य जस का तस रहा। इस बीच पुलिस को मिले साक्ष्य और सबूत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को मसीदुल के पिता अयूब और भाई समीदुल को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर गांव के कुएं से महिला का कंकाल मिला, वहीं, कपड़े, सैंडल और हेयर क्लिप भी मिले। पति शशिचंद्र ने कपड़ों से पत्नी की पहचान की।
प्यार से कत्ल तक की कहानी
एक गलत डायल नंबर पर मसीदुल और सोनम की पहली मुलाकात फोन पर हुई। धीरे-धीरे बातों ने दोस्ती का रूप लिया और फिर सोनम दिल हार बैठी। सोनम पति का घर छोड़कर मसीदुल के साथ दिल्ली चली गई। दिल्ली में विवाद हुआ और दोनों गांव लौट आये। गांव में माहौल बिगड़ने की बात पर झगड़ा इतना बढ़ा कि मसीदुल ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर सोनम का गला दबा दिया। 8 अगस्त 2023 की रात उसका शव गांव से बाहर कुएं में फेंक दिया। जिस कुएं में शव फेंका गया था, वहां झाड़-झंखाड़ और सांपों का डेरा था। मंगलवार को जब पुलिस शव निकालने पहुंची तो कुएं में एक अजगर दिखा। वन विभाग को बुलाया गया, अजगर को पकड़ने के बाद ही पुलिस कंकाल निकाल सकी।ग्रामीणों की भीड़ ने देखा, कुएं से निकली मौत की गवाही। मुख्य आरोपी मसीदुल अभी फरार, उसे जोर-शोर से खोजा जा रहा है।




