Ranchi : रांची–सिलीगुड़ी नेशनल हाईवे पर बुधवार की शाम जो हुआ, उसने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को दहशत में झोंक दिया। ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुटूपालू टीओपी के पास NH-20 पर एक चलती बस को घेरकर पहले तो सवारियों को नीचे उतारा गया, फिर जमकर तोड़फोड़ की गई और आखिरकार बस को आग के हवाले कर दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने तेज़ी दिखाते हुये चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला ओरमांझी थाना कांड संख्या 05/26 के तहत दर्ज है। घटना बीते 14 जनवरी की शाम की है। रांची से सिलीगुड़ी जा रही बस (JH 05CR-0457) चुटूपालू के पास NH-20 पर पहुंची ही थी कि सड़क पार कर रही एक युवती को बस से ठोकर लग गई। आनन-फानन में युवती को ओरमांझी के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद हालात पल भर में बेकाबू हो गये। बुलेट मोटरसाइकिल (JH 01BP-3751) पर सवार युवक बस के आगे अड़ गये। सभी यात्रियों को जबरन नीचे उतारा गया। बस में जमकर तोड़फोड़, स्टाफ के साथ मारपीट, मेला देखने आये लोगों को भड़काकर जुटाया गया और फिर… बस में लगा दी गई। कुछ ही देर में पूरी बस धू-धू कर जल गई। दमकल के आने तक सब खत्म हो गया था। घटना के बाद रांची के SSP ने तुरंत संज्ञान लिया। ग्रामीण SP के निर्देश और सिल्ली DSP के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चुटूपालू गांव से चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में उदय कुमार गंझू, प्रियांशु शर्मा, सलमान आलम और दामोदर करमाली शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि इस कांड में अन्य अपराधकर्मी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।








