Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण की पहाड़ियों की गोद में बसे सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल में उस दिन खुशियों की हवा कुछ खास थी। हर चेहरा मुस्कुरा रहा था, हर आंखों में सपना चमक रहा था क्योंकि मंच सजा था उन नन्हें सितारों के सम्मान में, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की परीक्षा में परिश्रम की मिसाल पेश की।
विद्यालय प्रबंधक गंधर्व गौरव और प्राचार्या रीना पांडे ने दीप प्रज्वलित कर प्रतिभा सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। जब मंच पर छात्रों के गले में स्वर्ण और रजत पदक पड़े, तो न केवल वे, बल्कि उनकी मेहनत, उनका संघर्ष और उनके सपनों को भी सम्मान मिला।
टॉप 10 विद्यार्थियों को मिला स्वर्ण पदक और प्रशस्ति पत्र, जबकि अगली पंक्ति के 20 होनहारों को रजत पदक से नवाजा गया। प्रबंधक और प्राचार्या दोनों की आंखों में गर्व था, जब उन्होंने कहा, “ये सफलता न केवल बच्चों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि हमारे शिक्षकों की लगन और विद्यालय के पारिवारिक माहौल की भी जीत है।”
इस सफलता की कहानी लिखने में अध्यापक अमृता मैसी, पवन कुमार, मुकेश कुमार पाठक, आशीष पाण्डेय, शैलेन्द्र गुरु, अमित कुमार, मिथुन पाण्डेय, पूर्णिमा कुमारी और शंकर सिंह का योगदान उल्लेखनीय रहा।कार्यक्रम के अंत में जब प्रबंधक और प्राचार्या ने एक-दूसरे को बधाई दी, तो लगा जैसे टीमवर्क, समर्पण और शिक्षा के प्रति जुनून ने मिलकर इस स्वर्णिम दिन को रचा हो। शुभकामनाओं के साथ, प्राचार्या रीना पांडे और प्रबंधक गंधर्व गौरव ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








