Ranchi : आज झारखंड पुलिस मुख्यालय में आयोजित 23वीं ऑनशोर सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन कमिटी (OSCC) की बैठक में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा देने का संकल्प लिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता DGP अनुराग गुप्ता ने की और इसमें झारखंड के विभिन्न महत्वपूर्ण सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत में ONGC के कार्यकारी निदेशक अजय दीक्षित ने DGP को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और राज्य में नक्सलियों एवं आपराधिक गिरोहों के खिलाफ की गई सख्त कार्रवाई के लिये बधाई दी। उन्होंने पुलिस के स्थानीय स्तर पर मिल रहे सहयोग की भी सराहना की।
बैठक में प्रमुख तौर पर ओएनजीसी, आईओसीएल और गेल के झारखंड स्थित प्रतिष्ठानों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा हुई। इन प्रतिष्ठानों के कार्यक्षेत्र में उत्पन्न समस्याओं का समाधान स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर करने पर जोर दिया गया। DGP अनुराग गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे तकनीकी समाधानों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें, जैसे CCTV कैमरे और GPS मॉनिटरिंग सिस्टम, ताकि सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सूचनाओं का आदान-प्रदान सशक्त और त्वरित रूप से किया जाये ताकि छोटी समस्याओं का भी तत्काल समाधान हो सके। वहीं, डिपो/टर्मिनल के आस-पास विशेष निगरानी रखने और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने के निर्देश भी दिये गये। पुलिस प्रमुख ने नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का भी आश्वासन दिया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले नये प्रोजेक्ट्स के लिये भूमि अधिग्रहण, विधि-व्यवस्था और पाइपलाइन से तेल चोरी से संबंधित सूचनाओं का आदान-प्रदान लगातार किया जाये। बैठक के अंत में टी.आर. उन्नीकृष्णन नायर, एसेट मैनेजर, सीबीएम एसेट ओएनजीसी बोकारो ने DGP अनुराग गुप्ता को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। बैठक में ADG अभियान डॉ० संजय आनन्दराव लाठकर, IG अभियान अमोल विनुकांत होमकर, IG विशेष शाखा प्रभात कुमार, DIG CID संध्या रानी मेहता, SP विशेष शाखा मूमल राजपुरोहित, एवं SP अभियान अमित रेणु मौजूद थे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से रांची, बोकारो, दुमका, हजारीबाग, धनबाद के IG और DIG जुड़े रहे।






