Ranchi : झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राज्य में बादल छाये रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।कुछ जिलों में भारी बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा चलने की भी संभावना है। 26 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला और खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। वहीं 27 अगस्त को बारिश का असर मध्य, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड में ज्यादा रहेगा। रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, चतरा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चल सकती हैं। 28 अगस्त को भी सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और गुमला में भारी बारिश का अनुमान है। बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है।
हजारीबाग में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे में हजारीबाग में 43.4 मिमी और पंचेत डीवीसी, धनबाद में 40.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। रांची में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।









