Ranchi : झारखंड में इस बार नवरात्र के रंग पर बारिश का असर लगातार महसूस हो रहा है। रांची समेत कई जिलों में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ रहे हैं, लेकिन आसमान से गिरती बूंदें बार-बार जश्न में खलल डाल रही हैं। अच्छी बात यह है कि सप्तमी से लेकर नवमी तक भारी बारिश के आसार नहीं हैं, जिससे पंडालों और मेलों में भीड़ बेफिक्र होकर पहुंच सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक रांची, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, गुमला, धनबाद सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना है। लोग भी अब तैयार हैं—छतरी और रेनकोट के साथ माता के दरबार में हाजिरी दे रहे हैं।
हालांकि दशहरा पर मौसम करवट ले सकता है। बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवायें चलने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रावण दहन वाले दिन रांची में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 3 और 4 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में तेज बरसात की आशंका है।
इस बार झारखंड में बारिश ने पहले ही रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं। 1 जून से 28 सितंबर तक राज्य में सामान्य से 18% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी सिंहभूम सबसे आगे है, जहां सामान्य से 53% अधिक बारिश हुई। रांची और सरायकेला-खरसांवा 52% अतिरिक्त बारिश के साथ दूसरे पायदान पर हैं।














