Ranchi : राजधानी रांची के सदर अस्पताल का आंगन बुधवार को गवाह बना उस ऐतिहासिक क्षण का, जब गर्वनर संतोष कुमार गंगवार और CM हेमंत सोरेन ने मिलकर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ किया। मंच पर मौजूद नेताओं और वहां बैठी हजारों आंखों में एक सपने की चमक थी, स्वस्थ, जागरूक और सशक्त नारी का सपना। CM हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि “एक स्वस्थ नारी ही परिवार और समाज की आधारशिला है। जब महिलायें स्वस्थ होंगी, तभी परिवार मजबूत होगा और समाज सशक्त होगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और झारखंड की बेटियों को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक शक्ति का प्रतीक बताया।
महिला सशक्तिकरण की ठोस पहल
CM हेमंत सोरेन ने सरकार के प्रयास गिनाते हुये कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और मातृत्व लाभ योजनायें, पोषण आहार वितरण और किशोरियों के लिये स्वच्छता अभियान, ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा में छात्रवृत्ति और कौशल विकास कार्यक्रम एवं सुरक्षा और रोजगार की योजनायें चल रही है। उन्होंने साफ कहा कि “जब महिलायें सशक्त होंगी, तभी राज्य और समाज मजबूत होगा।” CM हेमंत सोरेन ने कहा कि खेल के मैदान से लेकर शिक्षा और शोध की प्रयोगशालाओं तक, झारखंड की बेटियां अब राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हर झारखंडवासी का गर्व है। मौके पर गर्वनर संतोष कुमार गंगवार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सांसद दीपक प्रकाश, आदित्य साहू समेत कई आला अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी और बड़ी संख्या में महिलायें एवं छात्रायें मौजूद रहीं।










