Palamu : पलामू की धरती ने एक बार फिर इंसानी रिश्तों की वह दरार देखी, जिसमें खून और पानी एक हो गये। पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के कुदागा गांव में एक पोते ने पानी नहीं देने पर अपने ही दादा का गला टांगी से काट डाला। दादा की हत्या कर पोता शमशेर छत्तीसगढ़ की तरफ भाग निकला। वहां उसने अपने स्मार्टफोन को बेचकर गुजारा किया, ताकि पुलिस की नजरों से बच सके। लेकिन पुलिस ने उसे खोज निकाला। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके पिता अनीस अंसारी, मां और बहन को पहले ही जेल भेज दिया था। चैनपुर के थानेदार श्रीराम शर्मा ने मीडिया को बताया कि “यह सिर्फ हत्या नहीं, बल्कि एक घर की जड़ों को काटने की कहानी है।”
गांव के बुजुर्ग नेजामुद्दीन अंसारी के तीन बेटे थे। बड़े बेटे अनीस अंसारी के साथ पानी और जमीन का पुराना विवाद था।
नेजामुद्दीन अपने बेटे के परिवार को घर के बोरिंग से पानी भरने नहीं देते थे। अनीस ने कई बार नया बोरिंग करवाने की कोशिश की, मगर हर बार दादा ने अड़ंगा लगाया। गांव की गलियों में अकसर झगड़े की आवाजें गूंजती थीं, “हम भी इस घर के हैं, हमें पानी क्यों नहीं?” और जवाब में बुजुर्ग की कड़वी तान, “जब तक मैं जिंदा हूं, बोरिंग नहीं होगा।” बीते 5 अक्टूबर की दोपहर शमशेर अंसारी अपने घर के जार में पानी भरने जा रहा था। कहते हैं, दादा ने फिर उसे “अजीब नजरों से” देखा। उसी पल गुस्से में अंधा हो चुका पोता टांगी उठा लाया और दादा को मौत के घाट उतार दिया।








