Ranchi, Chaibasa : समय कम है, समस्या ज्यादा है और सफर लंबा है, गुजरे 20 सालों में जो काम नहीं हुआ, वह अब हो रहा है। अब जब ये आगे बढ़ रहे हैं तो कुछ ताकते इन्हें रोकने की नापाक कोशिश कर रही है। लेकिन, हमने इन्हें मजबूत करने का जो संकल्प ले रखा है, उससे नहीं डिगेंगे। चाहे परिस्थितियों कैसी भी हो, इन्हें मजबूत करने के रास्ते पर चल पड़े हैं और कदम नही थमेंगे। जनता की परेशानी को समझने और उनके आंसू को पूछने वाला कोई नहीं है, विकास को लेकर शहर से बोलने वाले बहुत हैं, लेकिन वहां से गांव आने वाला कोई नहीं है। दुख दर्द को सुनने वाला कोई नहीं है, आंसू पोंछने वाला कोई नहीं है, बड़ी-बड़ी बातें करने वालों की कमी नहीं, लेकिन दुख-दर्द हरने वाला कोई नहीं। यह कहना है झारखंड के युवा CM हेमंत सोरेन का। मौका था चाईबासा में गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि के लिए आयोजित कार्यक्रम का। इस अवसर पर उन्होंने शहीद स्थल में माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
CM ने कहा कि कहा कि हमारे पूर्वजों ने अलग-अलग समयों में ब्रिटिश हुकूमत, शोषण जुल्म और अन्य के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ते रहे। चाहे वह अपने वजूद और अस्तित्व को बचाने का संघर्ष हो या जल जंगल और जमीन की रक्षा का। इस लड़ाई में कई ने अपने को बलिदान कर दिया। लेकिन, उन्होंने जो संघर्ष किया, उसी का परिणाम है कि आज आदिवासियों- मूलवासियों का अस्तित्व बरकरार है। CM ने कहा कि शहीदों के आश्रितों को चिन्हित कर उन्हें सम्मान देने का काम उनकी सरकार कर रही है। शहीदों के आश्रितों को नौकरी और पेंशन के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया गया है। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि बूढ़ा पहाड़ को देख लीजिये, वहां कुछ भी नहीं था, लेकिन आज वहां सड़क है, बिजली है, पानी है, पढ़ाई-लिखाई का इंतजाम हैं, विकास की राह पर सरकार अपने कदम बढ़ा रही है। CM ने कहा कि उन्होंने जो वादा किया उसे पूरा करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। यही वजह है कि अपने काम के नाते पूरे देश में झारखंड जाना जा रहे हैं। उनकी सरकार को कोरोना महामारी और सुखाड़ का सामना करना पड़ा। कोरोना काल के हालात से हर कोई वाकिफ हैं। लेकिन, उनकी सरकार ने इस जंग को मात देकर विकास की एक लंबी लकीर खींची है। यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि वे इकलौते ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो दिल्ली के लोगों की आंख को नहीं भाते हैं। अब आदिवासी समाज को अपनी पहचान को बचाने के लिए फिर से एक लड़ाई लड़ना पड़ेगा। दिल्ली में भी जाना होगा तैयार रहिये। CM ने कहा कि अब सभी बेघर को पक्का मकान देने का निर्णय सरकार ने लिया है। बहुत जल्द अबुआ आवास योजना की शुरुआत होगी, ताकि लोगों के अपने घर का सपना साकार हो सके। CM ने कहा कि शिक्षा की बेहतरी पर सरकार का विशेष जोर है। बच्चों का बेहतर भविष्य बने, इस दिशा में सरकार काम कर रही है। अभिभावकों से सिर्फ इतना कहना है कि वे अपने बच्चों को अच्छे से पढ़ाएं, खर्च की चिंता नहीं करें। सरकार मदद करेगी।
मानकी- मुंडा व्यवस्था को कर रहे मजबूत
CM ने कहा कि मानकी-मुंडा पारंपरिक व्यवस्था जनजाति समुदाय की मजबूत कड़ी है। यह समाज के पुरोधा हैं। इस व्यवस्था को हम और मजबूती दे रहे हैं, ताकि समाज को इनका लाभ ज्यादा से ज्यादा मिल सके। इस मौके पर CM ने उनके बीच मोटरसाइकिल वितरित की। इस अवसर पर CM हेमंत सोरेन ने 406 करोड़ 11 लाख 58 हजार 3 सौ रुपये की लागत से 126 योजनाओं का किया उद्घाटन- शिलान्यास किया।
शहादत दिवस कार्यक्रम में मंत्री चम्पाई सोरेन और जोबा मांझी, सांसद गीता कोड़ा, विधायक निरल पूर्ति, दीपक बिरुवा, दशरथ गगराई और सोनाराम सिंकू, जिला परिषद अध्यक्ष, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त एवं DIG के अलावा पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : इस हाल में मिली जुड़वा बहनें, जेल गई रजनी…
इसे भी पढ़ें :चतरा में झपट्टा मारने वाला निकला उड़ीसा का…














