Kohramlive : पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन में गंदे धंधे का खुलासा किया है। पुलिस ने रेड मार एक महिला और होटल मालिक को अरेस्ट किया है। यह सेक्स रैकेट कांगड़ा जिला के भड़ोली निवासी सरला देवी उर्फ माता चलाती थी। पुलिस के मुताबिक, पिछले 20 सालों से सरला देवी जिस्मफरोशी के धंधे से जुड़ी है। पुलिस ने रेड के दौरान पंजाब की तीन लड़कियों को रेस्क्यू किया है। बता दें कि सरला देवी उर्फ माता पिछले कुछ समय से हमीरपुर पुलिस के निशाने पर थी। सरला देवी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। प्लान के तहत गोपनीय तरीके से महिला दलाल से जुड़े लोगों से संपर्क साधा। फिर क्लाइंट बनकर मंगलवार देर रात निजी होटल नादौन में पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने महिला और होटल के मालिक को अरेस्ट किया।
जानकारी के मुताबिक, विशेष टीम के दो पुलिस जवान कस्टमर बनकर महिला के पास पहुंचे महिला ने दोनों पुलिसकर्मियों को लड़कियों के फोटो दिखाएं। इसके बाद महिला को पैसे दिए गए, तब उसने होटल के अंदर एक कमरे में जाने के लिए कहा। वहां पर पहले से ही लड़कियां मौजूद थीं। पुलिस को मामले में इनपुट मिलने के बाद इंस्पेक्टर हरीश गुलेरिया की अगुवाई में टीम गठित की गई थी। इस टीम में एएसआई राजकुमार, कांस्टेबल लखन, ललित, राजेश, आशीष और कुलदीप शामिल थे। वहीं, एसपी आकृति शर्मा ने कहा कि एक महिला और शख्स को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। मिली जानकारी के मुताबिक, पंजाब से लड़कियां हिमाचल प्रदेश लाई जाती थी।
इसे भी पढ़ें : कल से बैंक, ITR, EPFO समेत बदल जाएंगे कई नियम, करोड़ों ग्राहकों पर होगा असर




