Garhwa : गढ़वा की धरती आज कुछ अलग मुस्कुरा रही थी। आसमान साफ था, मौसम सुहावना था और हर चेहरे पर उम्मीदों की चमक थी। वजह भी खास थी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी यहां पहुंचे थे। उन्होंने गढ़वा को 2460 करोड़ रुपये की सौगात दी। सड़कों, फोरलेन और नये राजमार्गों के जरिये एक नए दौर की शुरुआत का ऐलान किया।
रेहला फोरलेन के उद्घाटन के साथ-साथ उन्होंने दो और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, सांसद विष्णु दयाल राम और कई अन्य नेता मौजूद थे। सबके चेहरे पर वही बात थी, “गढ़वा अब पीछे नहीं रहेगा।”
गढ़वा की ओर रवाना होने से पहले रांची एयरपोर्ट पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद जब गडकरी रांची लौटे, तो सीधे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के पास पहुंच। श्रद्धा से माल्यार्पण किया, मानो यह इशारा हो कि विकास भी हमारी परंपराओं का आदर करता है।














