Kohramlive : दुबई से तेल अवीव जा रही Boeing 737 MAX फ्लाइट में आज करीब 33,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, लेकिन अचानक इमरजेंसी घोषित होने के बाद यह तेजी से नीचे आया और करीब 17,000 फीट तक पहुंच गया। इसके बाद विमान ने अपना रास्ता बदलते हुये उत्तरी सऊदी अरब की ओर वापसी शुरू कर दी। FlightRadar24 के मुताबिक विमान ने जॉर्डन की सीमा के पास कुछ देर तक असामान्य तरीके से चक्कर लगाया। करीब एक घंटे बाद विमान ने सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के अचानक रास्ता बदलने और ऊंचाई कम करने की खबर सामने आते ही तहलका मच गया। कुछ रिपोर्टों में विमान के हाइजैक होने की आशंका जताई गई। इसी बीच इजराइली एयरफोर्स के फाइटर जेट विमान की ओर भेजे जाने की भी खबरें सामने आईं। हालांकि, बाद में इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया कि विमान के हाइजैक होने जैसी कोई स्थिति नहीं थी। एक क्षेत्रीय अधिकारी के हवाले से मीडिया में आई खबर के मुताबिक, इमरजेंसी की वजह कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच कथित विवाद हो सकती है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ और वास्तव में इमरजेंसी क्यों घोषित की गई, इसकी तत्काल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तबूक में सुरक्षित लैंडिंग
फिलहाल विमान में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। विमान की सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को वापस लाने की व्यवस्था किये जाने की बात कही गई है। आसमान में करीब 33 हजार फीट से 17 हजार फीट तक अचानक उतरता विमान, फिर रास्ता बदलकर सऊदी अरब में लैंडिंग, इस पूरे घटनाक्रम ने कुछ देर के लिए यात्रियों से लेकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल तक सबकी धड़कनें जरूर बढ़ा दीं।





