Bihar : बिहार के बेतिया से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही परमजीत कुमार ने अपने ही साथी सिपाही सोनू कुमार को गोलियों से भून डाला। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद परमजीत ने अपनी SLR से करीब 20 राउंड फायर किए, जिनमें से 11 गोलियां सोनू के चेहरे पर लगीं। मौके पर ही सोनू की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी जवानों के मुताबिक, दोनों में पहले तीखी बहस हुई और फिर अचानक परमजीत ने हथियार निकाल लिया। कुछ ही पलों में पुलिस लाइन गोलियों की आवाज से गूंज उठा। फायरिंग की सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसी बीच, परमजीत भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अन्य जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से विवाद था, लेकिन गोलीकांड की असली वजह का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। आरोपी जवान से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।










