Hazaribagh : हजारीबाग के मटवारी मैदान में बीते शुक्रवार को हुये बवाल के बाद 700 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इनमें 200 लोग नामजद और 500 अज्ञात हैं। कोर्रा के थानेदार नेमधारी रजक ने बताया कि मामले में शामिल लोगों की पहचान का काम तेजी से चल रहा है। पुलिस अब उन चेहरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो शुक्रवार को मटवारी मैदान में हुये विवाद के दौरान मौके पर मौजूद थे। घटना से जुड़े फुटेज और तस्वीरों को खंगाला जा रहा है। एआई, स्पेशल इंटेलिजेंस और स्थानीय लोगों की मदद से आंदोलन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। छात्रों से भी संदिग्ध लोगों की पहचान कराने की प्रक्रिया चल रही है। पहचान किये गये लोगों की गिरफ्तारी की जायेगी और उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई होगी। दरअसल, शुक्रवार को मटवारी मैदान में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पुतला दहन के दौरान स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई थी। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकर्ताओं, पुलिस और छात्रों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला झड़प तक पहुंच गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिये बल प्रयोग करते हुये लाठीचार्ज किया। वहीं, पुलिस की ओर से आरोप लगाया गया कि इस दौरान जवानों पर पथराव भी किया गया। घटना के दौरान झामुमो कार्यकर्ता चेहरे पर मास्क लगाये और हाथों में लाठी लेकर आंदोलन का विरोध करने पहुंचे थे। इसके बाद मटवारी मैदान का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।







