Bihar : पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज के एक सरकारी स्कूल में मंगलवार को खुब बवाल हुआ, मिड-डे मील के चावल में दुर्गंध और कथित तौर पर मरा हुआ चूहा मिलने के आरोप के बाद छात्र-छात्राओं ने खाना खाने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते बच्चों का आक्रोश बढ़ गया और स्कूल परिसर में जमकर हंगामा होने लगा। यह मामला नरकटियागंज नगर के वार्ड सात स्थित राजकीय मध्य विद्यालय हिंदी का है। सूचना मिलने पर शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को समझाने की कोशिश की, हंगामे के बीच छात्राओं ने स्कूल के PT शिक्षक संजय पांडेय पर बैड टच, अश्लील हरकत और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाये। हंगामे के दौरान छात्राओं ने आरोप लगाया कि PT शिक्षक के व्यवहार से वे काफी समय से असहज और डरी हुई थीं। उनका कहना था कि डर की वजह से वे पहले किसी से शिकायत नहीं कर पाती थीं। छात्राओं के आरोप और बढ़ते आक्रोश को देखते हुये पुलिस PT शिक्षक संजय पांडेय को अपने साथ थाने ले गई। मामले की गंभीरता सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी स्कूल पहुंचे। BEO डॉ. संजय कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि PT शिक्षक संजय पांडेय को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रधानाध्यापिका शकुंतला कुमारी समेत विद्यालय के सभी शिक्षकों का स्थानांतरण करने की जानकारी दी गई है।
अलग-अलग पूछताछ में सामने आईं कई बातें
हंगामे के करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचे BEO डॉ. संजय कुमार सिंह ने छात्राओं से अलग-अलग बातचीत की। खबर है कि आधा दर्जन से अधिक छात्राओं ने PT शिक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये। अधिकारियों ने छात्राओं से स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं और उनकी दूसरी शिकायतों के बारे में भी जानकारी ली। बच्चों ने मिड-डे मील के चावल में गंदगी और दुर्गंध होने की शिकायत की। छात्राओं ने अधिकारियों को एचएम कक्ष में रखा चावल भी दिखाया। मामले को लेकर BEO ने स्कूल की प्रधानाध्यापिका शकुंतला कुमारी को कड़ी फटकार लगाई और विद्यालय की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिये। इसके अलावा MDM प्रभारी संजय कुमार को भी तलब किया गया। अधिकारियों ने रसोइया बदलने का निर्देश भी दिया।





