Bihar : बिहार के भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार को चलती ऑटो में स्नातक की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया। महुली और बलुआ गांव के बीच हुई घटना के दौरान छात्रा ने खुद को बचाने के लिए चलती ऑटो से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। खबर है कि छात्रा धोबहां बाजार से क्लास कर ऑटो से अपने घर लौट रही थी। रास्ते में चालक ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध के बावजूद जब वह नहीं रुका तो छात्रा ने जान बचाने के लिए ऑटो से छलांग लगा दी। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की। कार्रवाई करते हुये बखरिया गांव के आरोपी विजय कुमार उर्फ चौरसिया उर्फ मस्तो को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।