Palamu : पलामू पुलिस ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। सदर थाना क्षेत्र के बजराहा में पुलिस और कुख्यात अपराधी सुमित चंद्रवंशी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में सुमित के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक सुमित हाल ही में कोयल नदी इलाके में हुई फायरिंग का मुख्य आरोपी है। उस वारदात में तीन लोग गोली लगने से घायल हुये थे। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गुरुवार सुबह मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। लेकिन गिरफ्तारी के बाद सुमित ने पुलिस का हथियार छीन लिया। भागने की कोशिश की। जवानों पर फायरिंग भी कर दी।
पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। जवाबी कार्रवाई हुई। गोली सुमित के पैर में लगी। वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। पलामू SP कपिल चौधरी ने बताया कि आरोपी हथियार छीनकर भाग रहा था और पुलिस टीम पर फायरिंग कर रहा था। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। फिलहाल पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में भी जुटी है। जानकारी के मुताबिक सुमित मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसका एक आपराधिक गिरोह से संबंध है। इससे पहले भी पलामू पुलिस की मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान गोली लगने से घायल हुआ था।







