नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल, केरल, असम सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया। सबसे पहले असम में विधानसभा के चुनाव करवाए जायेंगे। उसके बाद बंगाल में विधानसभा के चुनाव होंगे। इन चुनावों में तैनात सभी अधिकारियों को कोरोना का टीका भी लगाया जाएगा।
असम में विधानसभा चुनाव 3 चरणों में होंगे। मतगणना 2 मई को होगी।
चुनाव की अधिसूचनाः 2 मार्च
नामांकन की आखिरी तिथिः 9 मार्च
नामांकन पत्रों की जांचः 10 मार्च
नाम वापसी की तिथिः 12 मार्च
मतदान की तिथिः 27 मार्च
2 मई को आएंगे नतीजे।
पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में मतदान कराया जाएगा। 27 मार्च को पहले चरण का मतदान होगा। दूसरे चरण में 1 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरे चरण में 6 अप्रैल, चौथे चरण में 10 अप्रैल, पांचवें चरण में 17 अप्रैल, छठे चरण में 22 अप्रैल, सातवें चरण में 26 अप्रैल और आठवें चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं 2 मई को परिणाम आएगा।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एक चरण में मतदान होगा। 2 मई को नतीजे आएंगे।
चुनाव की अधिसूचनाः 12 मार्च
नामांकन की आखिरी तिथिः 19 मार्च
नामांकन पत्रों की जांचः 28 मार्च
नाम वापसी की तिथिः 22 मार्च
मतदान की तिथिः 6 अप्रैल
रिजल्ट 2 मई को आएंगे।
तमिलनाडु और केरल में एक चरण में मतदान होगा। मतदान 6 अप्रैल को होगा। मतगणना दो मई को कराई जाएगी।
प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने जानकारी देते हुए सभी पांच राज्यों के मतदान और मतगणना की तारीख का ऐलान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस बार वोट डालने का समय एक घंटा बढ़ाया गया है। इसके अलावा पांच वाहनों के साथ ही रोड शो को अनुमति मिलेगी। वहीं डोर टू डोर कैंपेनिंग में भी पांच लोग ही जा सकते हैं और सभी चुनाव अधिकारियों को कोरोना का टीका भी लगाया जाएगा। विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही इन पांच राज्यों में आचार संहिता लागू हो जाएगी। इन सभी राज्यों में चुनाव कराने के लिए सभी जरुरी इंतज़ाम भी कर लिए गए हैं।
यहां याद दिला दें कि असम और तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल 31 मई को ख़त्म हो रहा है। वहीं बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 30 मई को और केरल विधानसभा का कार्यकाल 1 जून को ख़त्म हो रहा है। इसके अलावा पुदुचेरी विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 8 जून 2021 को पूरा रहा है।










