Ormanjhi(Kuldeep/Amitabh) : राजधानी रांची से सटे एक प्यासे गांव की बेबस कहानी वहां के गांववाले बयां कर गये। इस गांव में नल है, पर उसमें पानी नहीं। गुजरे आठ महीने से गांव वालों को पानी के लिये कोसों दूर जाना पड़ता है। तेज आंधी में जलमिनार का सोलर पैनल उड़ गया और तब से नल सूखे पड़े हैं। यह हाल है ओरमांझी के गगारी पंचायत के चपराकोचा गांव का। यहां के लोगों का कहना है कि उन्हें हर घर नल-जल योजना से साफ पानी का सपना दिखाया गया था, अब आठ महीनों से बूंद-बूंद को तरस रहे है। गांव के लोग नदी और स्कूल से पानी लाकर अपना गुजारा चला रहे हैं। गंदे पानी से नहाना, कपड़े धोना उनकी मजबूरी बन चुकी है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, सबकी सेहत दांव पर है। मुखिया धनराज बेदिया ने बताया कि गांव के अधिकतर जलमिनार खराब पड़े हैं और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण हालात बहुत खराब है। PHED में शिकायत तो की गई, मगर कोई सुनवाई नहीं। वहीं, PHED के अधिकारी कहते हैं कि जलमिनार जल्द ठीक होगा, लेकिन कब? कोई नहीं जानता। सुनें क्या बोले गांव के लोग…








