Kohramlive : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र एक ऐसा सितारा, जिसकी रोशनी ने सिनेमा के आसमान को छह दशकों तक जगमगाया, लेकिन, उनकी विरासत, उनकी परिवार-गाथा, उनके रिश्तों की ऊष्मा आज भी धड़क रही है। धर्मेंद्र सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं थे, वह एक विशाल परिवार के मुखिया भी थे। उनकी दो शादियां, छह बच्चे और अब आगे बढ़ती तीन पीढ़ियां यह सब मिलकर धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े परिवारों में से एक बनाते हैं। साल 1954 था, धर्मेंद्र मात्र 19 साल के थे। फिल्मों में कदम रखना बाकी था। उसी सादगीभरे दौर में उन्होंने प्रकाश कौर से शादी की। इस विवाह से सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता देओल, अजीता देओल जन्मे। दो बेटे सिनेमा के सितारे बने। दो बेटियां सादगी पसंद, लाइमलाइट से दूर रही, पर परिवार के हर सुख-दुख में साथ खड़ी। दोनों बेटियां विजेता और अजीता विदेश में रहती हैं, पर दिल से देओल परिवार की धड़कन हैं। दोनों की शादी हो चुकी है, दोनों ही दो-दो बच्चों की मां हैं। फैमिली फंक्शन में शामिल होना, मानो पिता की विरासत को प्रणाम करना।
प्रेम की वह राह जिसे उन्होंने निभा दिखाया
साल 1980 धर्मेंद्र ने बिना तलाक लिये हेमा मालिनी से विवाह किया, वह हेमा जो उनकी रफ्तार थीं, वह हेमा जिन्हें वह ‘ड्रीमगर्ल’ कहने से ज्यादा दिल की रानी मानते थे। हेमा उनसे 13 साल छोटी थीं। इस विवाह से जन्मीं एशा देओल एवं अहाना देओल, दोनों ही मां-पिता का संस्कार लेकर बड़ी हुईं, दोनों ने अपनी राह खुद बनाई।
सनी देओल पिता की छाया में पनपा पौरुष
सनी देओल, धर्मेंद्र की पौरुष-परंपरा के सबसे बड़े वारिस। पत्नी पूजा देओल, दो बेटे करण देओल एवं राजवीर देओल दोनों युवा अब फिल्मी दुनिया में कदम रखने को बेताब हैं, बाप-दादा की विरासत संभालने को तैयार हैं। धर्मेंद्र के दूसरे बेटे बॉबी देओल, जिन्हें धर्मेंद्र ने हमेशा “मेरा मासूम बेटा” कहा। पत्नी तान्या आहूजा और दो बेटे आर्यमन एवं धरम इनकी मुस्कान में धर्मेंद्र की झलक आज भी दिख जाती है।
एशा देओल — ड्रीमगर्ल की बेटी
एशा देओल, जिन्होंने खुद को अभिनेत्री के रूप में साबित किया। 2012 में कारोबारी भरत तख्तानी से शादी की, हालांकि अब उनका तलाक हो चुका है। उनकी दो बेटियां राध्या और मिराया, जिन्हें धर्मेंद्र बेहद प्यार करते थे।
अहाना देओल — सबसे छोटी, सबसे शांत, पर सबसे स्थिर
धर्मेंद्र और हेमा की सबसे छोटी बेटी अहाना शांत, सौम्य, संजीदा। शादी बिजनेसमैन वैभव वोहरा से की और उनके तीन बच्चे हैं। अहाना हमेशा अपने पिता के बेहद करीब रहीं। यह परिवार वटवृक्ष की तरह विशाल, स्थिर, और प्रेम के रस से भरा, धर्मेंद्र की सबसे बड़ी विरासत है।






