Kohramlive : देवभूमि उत्तराखंड ने इस साल अक्टूबर में ही बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित ऊंचाई वाले सभी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। कई वर्षों बाद अक्टूबर महीने में ऐसा मनोरम दृश्य देखने को मिला है जिसने श्रद्धालुओं और पर्यटकों दोनों को रोमांचित कर दिया है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, नर-नारायण पर्वत, उर्वशी पर्वत, नीती और माणा घाटी चारों ओर बर्फ से ढक गये हैं। चमोली, गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, थराली और गैरसैंण क्षेत्रों में भी लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। निजमुला घाटी के ईराणी गांव से आई तस्वीरें इस सर्द मौसम की खूबसूरती बयां कर रही हैं। अचानक मौसम बदलने से पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। लोग अब अलाव का सहारा लेने लगे हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में भी इसका असर साफ दिखा — देहरादून का तापमान सामान्य से तीन डिग्री गिरकर 27.4 डिग्री पर पहुंच गया है। दोपहर बाद हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर के अनुसार, राज्य में 8 अक्टूबर तक भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है। उसके बाद मौसम के शुष्क होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न के कारण इस बार पोस्ट मानसून में अधिक बर्फबारी और बारिश दर्ज की जा रही है।










