Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा समाहरणालय के सभागार में DC शेखर जमुआर की अध्यक्षता में हुई एक हाई लेवल समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, समस्याएं और समाधान पर गहन विमर्श हुआ। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण), अबुआ आवास, 15वें वित्त आयोग, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व संग्रह, कृषि, पेंशन और समाज कल्याण योजनाओं सहित तमाम विभागों पर पैनी नजर डाली गई। DC ने स्पष्ट कहा, “अब वक्त की मांग है कि अधूरे कार्यों को पूर्ण किया जाये और योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे।” उन्होंने सभी विभागों से अद्यतन प्रतिवेदन की मांग करते हुये लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये। कार्यपालक अभियंता पेयजल को निर्देशित किया गया कि सभी पंचायतों और विद्यालयों में पेयजल स्रोत सुचारू हों। चापानल, जलमीनार जैसे संसाधनों की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास की समीक्षा
PMAY (G) 2.0 सर्वे, किस्त भुगतान और लक्ष्य प्राप्ति पर विस्तृत चर्चा हुई। DC ने अबुआ आवास योजना में मास्टर रोल अद्यतन और स्वीकृत लाभुकों की सूची को दुरुस्त करने के निर्देश दिये। मनरेगा में मानव दिवस सृजन, पोटो हो खेल मैदान, बिरसा हरित ग्राम, और एरिया ऑफिसर ऐप के उपयोग में तेजी लाने को कहा गया। वहीं, सामाजिक अंकेक्षण के ATR को पंचायत स्तर पर अपलोड करने को कहा गया। राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों जैसे म्यूटेशन, सर्टिफिकेट, पीएम किसान भुगतान, भूमि चिन्हांकन, लैंप्स-पैक्स गोदाम के लिये भूमि चिन्हांकन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में कई प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारियों के धीमे कार्य पर नाराजगी व्यक्त की गई और स्पष्ट संकेत दिया गया कि उत्तरदायित्व निभाएं, नहीं तो जवाबदेही तय होगी।






