Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के DC दिनेश कुमार यादव ने कहा कि हर नागरिक तक स्वच्छ जल और स्वच्छ वातावरण पहुंचाना जिला प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में उपायुक्त ने जल जीवन मिशन (JJM) और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा की। धीमी गति से काम करने वाले ठेकेदारों को उन्होंने कड़ी चेतावनी दी और कहा कि तय समय पर काम पूरा न करने पर कार्रवाई तय है। बैठक में मौजूद जलसहिया दीदियों से DC ने सीधा संवाद किया, उनकी समस्यायें सुनीं और भरोसा दिलाया कि जल्द समाधान होगा।
DC ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल हर हाल में पहुंचना चाहिये। शौचालय का उपयोग सुनिश्चित करायें।किसी भी योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में OWF Plus Model Village, गोवर्धन योजना और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट विलेज (PWMV) की स्थिति की भी समीक्षा हुई। DC ने इन गांवों को आदर्श और स्वच्छ मॉडल गांव के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अभियंता अजय कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।








