Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा में अब लापरवाही नहीं चलेगी। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में हुई आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक में DC दिनेश यादव ने अधिकारियों को दो टूक संदेश दे दिया कि जनहित से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। बैठक में जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की स्थिति, धान अधिप्राप्ति और जरूरी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। कई योजनाओं में लक्ष्य से कम प्रगति देख डीसी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और कार्यशैली में तत्काल सुधार का निर्देश दिया।
किन बिंदुओं पर हुई सख्त समीक्षा
NFSA के तहत ई-केवाईसी, आधार व मोबाइल सीडिंग, राशन कार्ड सुधार (ERCMS), खरीफ विपणन मौसम 2025-26 में धान अधिप्राप्ति, गोदामों का निर्माण और मरम्मति, खाद्यान्न उठाव और डोर स्टेप डिलीवरी (DSD) की समीक्षा हुई। DC ने साफ कहा कि खाद्यान्न वितरण में किसी भी स्तर पर देरी सीधे तौर पर गरीबों के हक पर चोट है, और यह कतई स्वीकार्य नहीं है। धान अधिप्राप्ति, खाद्यान्न वितरण और पैक्सों की कार्यप्रणाली में गड़बड़ी पाये जाने पर
BDO, BSO, गोदाम प्रबंधक, पैक्स अध्यक्ष-सचिव और PDS डीलरों से (शो-कॉज) करने का निर्देश दिया गया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी को स्पष्ट आदेश मिला है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। DC ने कहा कि AGRS और PGMS पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का तत्काल निपटारा हो। साथ ही धोती, लुंगी, साड़ी और नमक वितरण, उज्ज्वला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष फोकस करने को कहा गया।
अधिकारियों को चेतावनी और सीख
बैठक में मौजूद नये प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को DC ने नसीहत दी कि वे संवेदनशीलता, पारदर्शिता और सकारात्मक सोच के साथ काम करें। उन्होंने दोहराया कि “समयबद्ध आपूर्ति और ईमानदार कार्यशैली ही प्रशासन की पहचान है।” बैठक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम, सभी प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारी और विभागीय कर्मी मौजूद रहे।




