Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा समाहरणालय सभागार में मंगलवार को DC दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई, जहां जिले में खाद्यान्न वितरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन पड़ताल की गई। बैठक में एनएफएसए, ग्रीन कार्ड, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना समेत कई योजनाओं की समीक्षा हुई। DC ने दो टूक कहा “कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित नहीं रहना चाहिये।”
DC ने 92% खाद्यान्न वितरण पर संतोष जताते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। राशन कार्ड डिलीशन से खाली हुए स्लॉट्स को भरने के लिए डीएसओ को राज्य स्तर पर समन्वय का जिम्मा सौंपा गया। जुलाई-अगस्त के वितरण की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंडों को गति लाने का आदेश मिला, वहीं सितंबर माह के उठाव और गोदाम स्थिति पर भी बारीकी से नजर डाली गई।
पीवीटीजी (विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह) परिवारों तक राशन पहुँचाने पर विशेष जोर रहा। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा — “एक भी परिवार राशन से वंचित न रहे।” बैठक में बीएसओ लॉगिन पर लंबित आवेदनों, ई-केवाईसी, आरसीएमएस और एजीआरएस रिपोर्ट्स की भी समीक्षा हुई। सभी बीएसओ को निर्देश मिला कि लंबित आवेदनों का जल्द निपटारा करें। गोदामों के निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा हुई और प्राथमिकता पर काम पूरा करने को कहा गया। अंत में DC ने निर्देश दिया कि अगली बैठक तक सभी कार्यों की समग्र और गुणवत्तापूर्ण रिपोर्ट तैयार की जाये। बैठक में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम समेत सभी बीएसओ, एजीएम और एमओ उपस्थित रहे।










