UP : मुरादाबाद के गांधी पार्क में रविवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के कार्यक्रम के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई, जिससे मंच संचालन रुक गया और अफरातफरी मच गई। मंत्री के भाषण की शुरुआत के कुछ ही क्षणों बाद करीब 10 मिनट तक बिजली ठप रही, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना को सरकार ने गंभीर प्रशासनिक चूक मानते हुए बिजली विभाग के पांच वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया। निलंबित अधिकारियों में मुख्य अभियंता अरविंद सिंघल, अधीक्षण अभियंता सुनील अग्रवाल, कार्यपालक अभियंता प्रिंस गौतम, SDO राणा प्रताप और जेई ललित कुमार शामिल हैं। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) की MD ईशा दुहन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कहा कि यह लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसे मामलों में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल हो जाना न सिर्फ मंत्री के दावों की साख पर चोट था, बल्कि आम जनता में भी सवाल खड़े हुए कि जब मंत्री के सामने बिजली नहीं रही, तो बाकी दिनों में व्यवस्था कैसी होगी। शासन ने अब सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे आयोजनों के दौरान बिजली की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, साथ ही तकनीकी जांच और बैकअप व्यवस्था अनिवार्य की जाए।









