LOHRDAGA : भाकपा माओवादी कमांडर रविंद्र गंझू के दस्ते के सब जोनल कमांडर उदय उरांव को दबोच कर लोहरदगा पुलिस ने जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पेशरार थाना के मुरहूकरचा निवासी उदय उरांव अपने भाइयों से मिलने मुरहूकरचा आया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने उग्रवादी के घर पर छापेमारी व घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस से कई बार मुठभेड़ में भी उदय शामिल रहा है। उक्त जानकारी लोहरदगा एसपी प्रियंका मीणा ने बुधवार को दी।
इसे भी पढ़ें : जानें कौन सी सब्जियां जून के महीने में लगा सकते हैं, कैसे करें देखभाल
लेवी नहीं मिलने पर की मुंशी की हत्या
एसपी ने बताया कि उदय उरांव ने बयान में कहा है कि पेशरार थाना अंतर्गत ओनेगढा पुल निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार द्वारा लेवी (रंगदारी) नहीं देने के कारण मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था। फिर भी लेवी नहीं मिलने पर ठेकेदार के मुंशी विक्की गुप्ता की हत्या कर दी। निर्माण कार्य में लगे ट्रैक्टर एवं पोकलेन गाड़ियों में विस्फोट कर क्षतिग्रस्त कर दिया था। कुछ ही दिन पहले सेरेंगदाग घाटी में पुलिस गश्ती दल को क्षति पहुंचाने के लिए गोलीबारी भी की गई थी। इसमें भी उदय शामिल था। तब तीन पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे।
इसे भी पढ़ें : #Reliance Jio का जोरदार आगाज, Jio यूजर्स WhatsApp से कर पाएंगे रिचार्ज






