Bihar : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला सुरक्षा को लेकर मंगलवार को रोहतास की धरती से बड़ा संदेश दिया। जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उन्होंने दो टूक कहा कि अगर किसी बहन या बेटी को कोई छूने की कोशिश करेगा, तो 24 घंटे के अंदर उसे जेल के अंदर भेज दिया जायेगा। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में हर दिन बड़ी संख्या में महिलाएं अपने घरों से काम के लिये निकलती हैं। उन्होंने दावा किया कि हाल के मामलों में मीडिया के जरिये सामने आये वीडियो पर सरकार ने तत्काल संज्ञान लिया और कार्रवाई की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह अलर्ट है और कानून-व्यवस्था से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की बहन-बेटियां अब बिना डर के घर से निकलकर काम कर रही हैं और यही ‘बदले हुये बिहार’ की तस्वीर है।
‘ये सिर्फ दावा नहीं, बहनों से मेरा वादा है’
महिला सुरक्षा पर अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी महिला के साथ गलत करने की कोशिश होती है, तो कार्रवाई में देर नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार का दावा नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री के तौर पर वह अपनी बहनों से सुरक्षा का वादा कर रहे हैं। CM सम्राट चौधरी ने कहा कि NDA सरकार के कार्यकाल में कानून का राज स्थापित करने और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिये लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मंगलवार को रोहतास जिले के जमुहार पहुंचे थे। यहां उन्होंने युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। गुजरात के बड़नगर से बाइक के जरिये वाराणसी की यात्रा पर निकले सेवा यात्रियों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, विकास और सुशासन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर बात की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सत्ता को ‘मेवा पाने का अवसर’ समझते हैं, जबकि भाजपा और NDA के लिये सत्ता ‘सेवा का माध्यम’ है। उन्होंने कहा कि सरकार में आने का उद्देश्य व्यक्तिगत लाभ नहीं, बल्कि जनता की सेवा और बिहार का विकास होना चाहिये।
#LIVE : रोहतास के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम … https://t.co/QC7rkM0OxM
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) October 6, 2026





