Ranchi : पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही CM हेमंत सोरेन ने गहरी चिंता जताई और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को तत्काल सभी जरूरी चिकित्सा सुविधायें सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने एक्स के माध्यम से कहा “झारखंड सरकार विमल लकड़ा जी के साथ है, इलाज में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।” CM के निर्देश पर खेलकूद एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार अस्पताल पहुंचे और विमल लकड़ा व उनकी पत्नी से मुलाकात की। उन्होंने इलाज कर रहे डॉक्टरों से जानकारी लेकर उत्तम इलाज सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
दरअसल, सोमवार को विमल लकड़ा अपने खेत में बेहोश मिले थे। पहले उन्हें कुरडेग, फिर सिमडेगा सदर अस्पताल और बाद में रांची के क्यूरेसेटा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। सिटी स्कैन में सिर में खून का थक्का पाया गया है और इलाज जारी है। हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि विमल लकड़ा की हालत अब स्थिर है।








