Ranchi : झारखंड की महिलाओं के लिये यह होली खास होने वाली है। CM हेमंत सोरेन ने विधानसभा में ऐलान किया कि मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं के खातों में होली से पहले दो महीने की राशि भेज दी जायेगी। सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है, और जिनका सत्यापन हो चुका है, उन्हें यह सहायता राशि शीघ्र प्राप्त होगी। CM हेमंत सोरेन ने सदन में जानकारी दी कि झारखंड के विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार अब तक 40 लाख से अधिक महिलाओं का सत्यापन हो चुका है। शेष लाभुकों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है, ताकि कोई भी जरूरतमंद महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रह जाये। महिला समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने मार्च तक की राशि सभी जिलों को भेज दी है, जिससे यह संभावना बढ़ गई है कि मार्च महीने का भुगतान भी इसी माह हो सकता है। यह महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।
हड़िया बेचने वाली महिलाओं के लिये वरदान
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना खासतौर पर सड़क किनारे हड़िया बेचने वाली महिलाओं के लिये शुरू की गई थी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और गरिमा के साथ जीवनयापन कर सकें। हालांकि, कुछ महिलाओं के दोबारा इस काम में लगने की सूचनाएं मिली हैं। CM ने आश्वासन दिया कि वे इस समस्या की जड़ तक जायेंगे और इसका समाधान निकालेंगे। उन्होंने कहा कि हड़िया को आदिवासी संस्कृति में देवी-देवताओं को चढ़ाने की परंपरा रही है, लेकिन इसे सड़क किनारे बेचने की संस्कृति नहीं रही है। सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है और महिलाओं को वैकल्पिक आजीविका देने की दिशा में कार्यरत है।








