Bihar : बिहार के CM नीतीश कुमार आज सुबह पटना रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मल्टी लेवल पार्किग और बेसिक सुविधाओं का जायजा लिया। बहुत जल्द पटना जंक्शन स्टेशन के पास मल्टी लेवल ऑटो पार्किंग खुलने वाला है। अंडरपास के जरिये यात्री स्टेशन से मल्टी लेवल पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। अंडरपास में एस्केलेटर लगाये गये हैं। इसी के जरिए यात्री आ-जा सकेंगे। पटना जंक्शन के पास बने मल्टी लेवल पार्किंग में पहले फ्लोर पर ऑटो और कैब मिलेगा। इस पार्किंग में कई सुविधाएं दी जायेंगी। यहां लोगों के बैठकर इंतजार करने की व्यवस्था भी रहेगी। खाने पीने का स्टॉल, ATM जैसे इंतेजाम रहेंगे।
जंक्शन के पास मल्टी लेवल पार्किंग में 440 मीटर के सबवे के जरिए स्टेशन जा सकेंगे। यह 5 एकड़ में बना है। ग्राउंड फ्लोर पर पटना सिटी बस को रखा गया है। पार्किंग में चार्जिंग पॉइंट भी दिया गया है। पार्किंग के छत पर सौर ऊर्जा प्लेट लगेगा। सौर ऊर्जा से ही सब-वे और इस बिल्डिंग में बिजली आपूर्ति की जा सकेगी। CM ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
मल्टी लेवल पार्किंग में 32 बस और 225 कार पार्किंग करने का इंतेजाम है। सब-वे की कुल लंबाई 440 मीटर है, जिसमें ट्रेवेलेटर की संख्या 4 है। जिनकी लंबाई 18 मीटर, 30 मीटर, 45 मीटर और 55 मीटर है, कुल 148 मीटर है। वहीं 2 एस्केलेटर और 2 लिफ्ट लगाये जा रहे हैं। जो महावीर मंदिर निकास के पास और मल्टी-लेवल पार्किंग के पास है। वहीं, भूमिगत लंबाई में HVAC की व्यवस्था है।
157 करोड़ की राशि से हुआ निर्माण
मल्टीलेवल पार्किंग और सब-वे 157 करोड़ से भी अधिक राशि से बना है। सब-वे का निर्माण 84.83 करोड़ से किया गया है, वहीं, मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण 73 करोड़ की राशि से हुआ है। पटना रेलवे स्टेशन, महावीर मंदिर और बुद्धा पार्क को जोड़ने के लिए सब-वे बना है। भूमिगत मार्ग का भी निर्माण किया गया है।
एंट्री पॉइंट का लिया जायजा
CM नीतीश कुमार हनुमान मंदिर के पास एंट्री पॉइंट का भी जायजा लिया। उनके साथ संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी और प्रधान सचिव दीपक कुमार थे। भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने CM को पार्किंग में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे बताया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पटना जंक्शन के आस-पास लगनेवाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। लोगों को हनुमान मंदिर जाने में भी सुविधा होगी।





