Ranchi : जब कभी मैं BIT मेसरा परिसर में आता हूं, एक अलग सा एहसास होता है। मैं यहां का छात्र रहा हूं, आज BIT मेसरा के वाइस चांसलर मुझे चीफ मिनिस्टर साहब संबोधित कर रहे हैं, यह एक ऐसा अनुभव है, जिसे मैं खुद ही समझ सकता हूं। इस परिसर में एक ऐसा वक्त बिताया है, जब अपना देश एक बड़े रिफॉर्म्स की तरफ बढ़ रहा था। यह राज्य के लिये गौरव की बात है। साल 1952 में देश का यह तीसरा तकनीकी संस्थान झारखंड में स्थापित हुआ। नई ऊंचाइयों को छूने की चाह रखने इंडस्ट्रियलिस्ट हो या साइंटिस्ट सबने अलग-अलग तरीके और नजरों से सजाने और संवारने की कोशिश की है। यह कहना है युवा CM हेमंत सोरेन का। मौका था BIT मेसरा के 69वें स्थापना दिवस का। CM ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि एक छात्र होने के नाते आज मैं यहां पर हूं, यह भी कह सकता हूं कि आज एक गार्जियन के रूप में भी आप सभी के बीच में मौजूद हूं। दोनों जिम्मेवारी मुझे निभाने का मौका मिला है। BIT मेसरा से संबंधित जो भी समस्याएं हैं, उसका समाधान जरूर होगा। इसके लिए राज्य सरकार सिंगल विंडो बनायेगी।

CM हेमंत सोरेन ने कहा कि BIT मेसरा देश का तीसरा बड़ा तकनीकी संस्थान है। इसी तरह भारी उद्योग इंडस्ट्री संस्थान HEC देश का पहला फर्टिलाइजर इंडस्ट्री इसी राज्य में बना। एशिया का सबसे बड़ा स्टील इंडस्ट्री बोकारो स्टील प्लांट भी यहीं है। इसी राज्य में देश का पहला माइनिंग इंस्टिट्यूट खुला। झारखंड एक ऐसा प्रदेश है, जहां नेतरहाट स्कूल है। इस स्कूल से बड़ी संख्या में IAS एवं IPS बनकर लोग बाहर निकले हैं। देश ने बीते कल एक चंद्रयान-3 लॉन्च किया। इस चंद्रयान का प्लेटफार्म HEC से बनकर गया है। इस तरह इस राज्य को अपने संस्थानों पर पूरा नाज है। BIT मेसरा आज एक नये आयाम को छू रहा है, इसके पीछे का कारण कठिन परिश्रम और नेक और मजबूत इरादा है। CM ने कहा कि BIT के लगभग 10 हजार बच्चे अलग-अलग इकाईयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, वहीं यहां से जुड़े लोग संस्थान को बुलंदियों तक पहुंचा रहे हैं। आज शायद कॉलेज में छुट्टियां चल रही हैं, नहीं तो इस हॉल में बैठने की जगह तक नहीं मिलता। BIT मेसरा एक खूबसूरत संस्थान है। इस संस्थान में समय के साथ कई चीजें बदली हैं और आगे भी कई बदलाव होंगे । इस कैंपस से मुझे काफी लगाव रहा है।

CM हेमंत सोरेन ने कहा कि शिक्षा जगत को लेकर सरकार बेहद धीर-गंभीर है। राज्य भर में 80 स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस खोले गये हैं। यहां IIM से प्रशिक्षित शिक्षकों को बहाल किया जा रहा है, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा दे सके। उन्होने कहा कि झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां आदिवासी, दलित, और अल्पसंख्यकों के वैसे छात्र-छात्राएं जो उच्च शिक्षा के लिए विदेशों में पढ़ाई करना चाहते हैं, उनका सारा खर्च सरकार वहन कर रही है । CM ने कहा कि झारखंड एक गरीब और पिछड़ा राज्य है। ईश्वर ने इस राज्य में प्राकृतिक संसाधनों का भंडार दिया है। रेलवे को सबसे ज्यादा रेवेन्यू झारखंड से ही आता है। यहां यूरेनियम कॉरपोरेशन जैसी कंपनियां काम कर रही हैं। कोयला और लोहा यहां की जमीन में भरी पड़ी है । यहां खूबसूरत वादियां भी हैं, जहां पर्यटन के विकास की बहुत गुंजाइश है।

CM हेमंत सोरेन ने कहा कि कुछ दिनों पहले ही गढ़वा जिले के बूढ़ा पहाड़ में गया था। बूढ़ा पहाड़ में जाने का कोई रास्ता नहीं है। घनघोर जंगल और नक्सलियों के गढ़ के रूप में इसे कभी देखा जाता था। लेकिन, कई जाबांज जवानों ने अपनी शहादत भी दी है। सरकार ने संकल्प लिया कि हमें वहां के ग्रामीणों तक पहुंचना है। कार्य योजना बनाते हुए राज्य सरकार बूढ़ा पहाड़ तक पहुंची। जब मैं वहां पहुंचा तो CRPF के एक कमांडेंट उन्हें मिले, उन्होंने कहा कि मैं उत्तराखंड से आता हूं, पर मुझे ऐसा लग रहा है कि उत्तराखंड से भी खूबसूरत वादियां झारखंड में हैं। CM ने कहा कि इन खूबसूरत वादियों पर अगर अच्छी नियत और सोच के साथ काम किए जाएं तो यहां की वादियां एक बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित हो सकेंगी।

CM हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले दिनों नीति आयोग की टीम के साथ बैठक हुई, उनसे यह पूछा कि केंद्र सरकार की उपकरण CCL, BCCL, ECL जैसे कई कंपनियां यहां माइनिंग का काम कर रही है। जब माइनिंग खत्म हो जायेगा तब उस क्षेत्र के विकास के लिए आपके पास कोई रोड मैप अथवा ब्लू प्रिंट तैयार है या नहीं ? क्योंकि खनिज संपदा अनलिमिटेड तो नहीं हो सकती हैं । उन्होंने कहा कि जब माइनिंग के स्रोत समाप्त होंगे तब परिस्थितियां कितनी भयावह होंगी, इसका आकलन अभी से ही करना जरूरी है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार कृत संकल्प है। शहरों में रहने वाले लोग अपने आवासीय परिसर पर फलदार वृक्ष लगाएंगे तो उन्हें पांच यूनिट बिजली मुफ्त दिया जायेगा। इस अवसर पर BIT मेसरा के वाइस चांसलर डॉ. इंद्रनील मन्ना सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : नई नवेली दुल्हन की फं’दे पर ल’टकी मिली डे’ड बॉ’डी, फरार… जानें
इसे भी पढ़ें : जमशेदपुर में दुस्साहसिक वारदात, घर में घुसकर मा’री गोली… जानें






