Kohramlive : जुलाई की एक शांत रात… पर हिमाचल की घाटियों में घनघोर गर्जना के साथ आसमान से ऐसा कहर टूटा, जिसने वादी को वीरान कर दिया। सोमवार की रात, जब लोग नींद की चादर में लिपटे हुये थे, तभी 17 जगह बादल फटे, जिनमें से अकेले मंडी जिले में 15 और कुल्लू-किन्नौर में एक-एक बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। देखते ही देखते घर बह गये, पुल टूट गये और सपने मलबे में दब गये।

मंडी: मौत का मंजर
सबसे भयावह दृश्य मंडी में दिखा, जहां 16 लोगों की जान चली गई और 33 लोग अब भी लापता हैं। 24 घर, 12 गोशालाएं और एक 16 मेगावाट का पावर प्रोजेक्ट बाढ़ में बह गया। 30 मवेशियों की मौत और सैकड़ों लोग रेस्क्यू किये गये। थुनाग, गोहर, करसोग हर कोना तबाही की गवाही दे रहा है। थुनाग के कुकलाह में एक ही झटके में 8 घर और 24 लोग बह गये। गोहर में बादल फटने से दो घर मलबे में समा गये और करसोग में पुराने बाजार से चार लोग बह गये।

NDRF की जंग समय से
NDRF की टीमें दिन-रात राहत में जुटीं हैं। कहीं 12 छात्रों और 4 महिलाओं को बचाया गया, कहीं रातभर नदी में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला। सैकड़ों सड़कों पर यातायात बंद, पेयजल योजनाएं ठप, और बिजली की सप्लाई गायब।

कुल्लू-किन्नौर से लेकर हमीरपुर तक त्राहिमाम
कुल्लू, किन्नौर, कांगड़ा, हमीरपुर हर जिले में बादलों ने ज़िंदगी को चीर डाला। हमीरपुर में ब्यास का पानी 51 लोगों को घेर गया, जिन्हें 5 घंटे बाद रेस्क्यू किया गया। कांगड़ा में विजिबिलिटी इतनी कम रही कि चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। 406 सड़कें, 171 पेयजल स्कीमें और 1515 ट्रांसफार्मर ठप हैं।

खतरा अभी टला नहीं
6 दिनों की बारिश का अनुमान, जिसमें 4 दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। मंडी, शिमला, सोलन, हमीरपुर, सिरमौर और कुल्लू में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। राज्य सरकार ने स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है।

सीएम का आह्वान
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि,”एक रात में हिमाचल को 500 करोड़ का नुकसान हुआ है। हम लोगों से निवेदन करते हैं कि नदी-नालों के पास न जाएं।” इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर शोक जताया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत कार्य में मदद की अपील की।

इसे भी पढ़ें : Weekly Horoscope (May 4 to 10, 2026) : सितारों ने लिखी 12 राशियों की नई कहानी… जानें
इसे भी पढ़ें : RBI के डिप्टी गर्वनर बने रोहित जैन…
इसे भी पढ़ें : पटरी पर दो धड़कनों का दर्दनाक अंत…
इसे भी पढ़ें : अचानक DC साहब अंचल कार्यालय पहुंचे, फिर क्या हुआ… जानें
इसे भी पढ़ें : नशे के सौदागरों को तीखी चोट…






