Ranchi : राजधानी रांची में शनिवार को मूसलधार बारिश के बीच कचहरी चौक स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में बड़ा हादसा टल गया। अचानक कमरे की सीलिंग का बड़ा हिस्सा भरभरा कर नीचे गिर पड़ा। उस वक्त कर्मचारी कंप्यूटर पर काम कर रहे थे। हादसे में कुछ कर्मचारियों को मामूली चोट आई। सीलिंग गिरते ही कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी तुरंत कमरे से बाहर निकल आये। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। सीलिंग टूटने के बाद बारिश का पानी भी कमरे में आने लगा। इससे कंप्यूटर, जरूरी दस्तावेज और फर्नीचर के खराब होने का खतरा बढ़ गया। कर्मचारियों ने आनन-फानन में जरूरी फाइलों और सामान को सुरक्षित जगह पहुंचाया। बाकी कागजात और फर्नीचर को तिरपाल से ढक दिया गया। रजिस्ट्री कार्यालय की इमारत काफी पुरानी बताई जा रही है। ऐसे में कर्मचारियों को अब दूसरे हिस्सों की सीलिंग को लेकर भी डर सता रहा है।





