Kohramlive : सर्द हवाओं के संग गर्म अहसास लिये CBSE (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं की संभावित डेटशीट जारी कर दी है। यह अनगिनत जागी रातों का ऐलान है। झारखंड से लेकर दिल्ली, और विदेशों तक फैले 26 देशों के करीब 45 लाख परीक्षार्थी अब अपनी कलम और सपनों की धार तेज करने में जुट गये हैं। कक्षा 10वीं (पहला अध्याय) की परीक्षा 17 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक चलेगी। कक्षा 10वीं (दूसरा मौका) 15 मई से 1 जून तक दूसरी बोर्ड परीक्षा, उन सपनों के लिये जो फिर से उड़ान भरना चाहते हैं। कक्षा 12वीं (मुख्य परीक्षा) 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक चलेगी। इसके साथ ही खेल छात्रों के लिये अलग परीक्षाएं और पूरक परीक्षाओं का सिलसिला भी इसी अवधि में चलेगा। CBSE ने संदेश दिया है कि यह डेटशीट फिलहाल अस्थायी है। स्कूलों द्वारा छात्रों की अंतिम सूची मिलने के बाद ही अंतिम संस्करण जारी किया जायेगा। इसलिए छात्रों को सलाह है, रिवीजन में जुट जाइये, क्योंकि वक्त की स्याही कभी रुकती नहीं।
मूल्यांकन की दौड़ भी तेज
CBSE ने साफ किया है कि परीक्षा खत्म होते ही नतीजों की तैयारी में कोई ढिलाई नहीं होगी। हर विषय की परीक्षा के 10 दिन बाद कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होगा और 12 दिन के भीतर समाप्त करने का लक्ष्य है। मसलन, अगर 12वीं की भौतिकी परीक्षा 20 फरवरी को है, तो 3 मार्च से कॉपियां जांचना शुरू और 15 मार्च तक काम पूरा। इधर, झारखंड के तमाम स्कूलों में डेटशीट जारी होते ही बच्चों के चेहरे पर एक साथ रोमांच और तनाव की चमक दिखने लगी है। कहीं मां की दुआयें, तो कहीं पापा की चुपचाप चिंतायें, हर घर में अब पढ़ाई का माहौल और भी गहरा हो चला है।








