Kohramlive : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उड़ान के दौरान कॉकपिट के अंदर चाकूबाजी की घटना हुई। इसमें भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गये। इसके बावजूद उन्होंने स्थिति को संभालने में अहम भूमिका निभाई और विमान को सुरक्षित उतारने में मदद की। जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। कैप्टन को कई चोटें आईं और काफी खून बहा। हमले के बाद उन्होंने आपातकालीन संकेत और हाइजैकिंग अलर्ट सक्रिय किया। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। विमान को तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। इसके बाद घायल कैप्टन को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। विमान में मौजूद एक डॉक्टर ने उनका इलाज किया। कॉकपिट तक पहुंचने और हमलावर को काबू करने में चालक दल और अन्य लोगों की मदद भी ली गई। कैप्टन स्मित मच्छार को आगे के बेहतर इलाज के लिये अब दुबई एयरलिफ्ट किया जा रहा है। उनकी चोटों को गंभीर बताया गया है। हमले की वजह और सह-पायलट के कथित हमले के पीछे के इरादे की जांच जारी है। घटना के बाद विमान की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं। यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह मामले पर नजर रख रहा है। मंत्रालय के मुताबिक, विमान यूएई में पंजीकृत है और घटना की जांच में यूएई के संबंधित कानून लागू होंगे।





