Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण की सबसे पुरानी आभूषण दुकानों में से एक छाया ज्वेलर्स शुक्रवार की शाम उस वक्त लुट गई, जब अपराधी मुस्कान ओढ़कर ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुये और झपट्टा मारकर पांच सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गये। दुकानदार विनोद स्वर्णकार को शक तक नहीं हुआ। दोपहर में अंगूठियां पसंद करने वाला वही युवक अंधेरा घिरते ही दोबारा लौटा और ठीक उसी क्षण, जब अंगूठियां फिर से निकाली गईं, वह शिकारी की तरह झपटा और माल लेकर कार में बैठ फरार हो गया।
बगल की दुकान के CCTV में अपराधी की हरकतें कैद हैं और पुलिस को शक है कि इस पूरी वारदात की पहले से रेकी की गई थी। बताया जा रहा है कि अन्य ज्वेलर्स दीपक स्वर्णकार की दुकान में भी अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे थे, पर वारदात टल गई। इस लूट में बाइक और कार दोनों का इस्तेमाल किया गया, जिन पर बाहरी राज्यों के नंबर थे। पुलिस ने घटना के बाद टोल प्लाजा और चेकपोस्ट्स पर जांच शुरू की, लेकिन अपराधी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। दुकानदारों और व्यापारियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा पुख्ता करने की मांग की है।










