Ranchi : राजधानी रांची के न्यू मार्केट चौक स्थित न्यू चंदन ज्वेलर्स में शुक्रवार दोपहर एक युवक को अंगूठी खरीदने के बहाने ठगी करते हुये रंगे हाथों पकड़ा गया। दुकानदार को शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सुखदेवनगर थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार युवक रितेश राज उर्फ सोनू, गया (बिहार) का निवासी है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने साथी अभय के साथ मिलकर रांची के ATM सेंटरों में ठगी करता था। पुलिस को दिये अपने बयान में उसने बताया कि वे लोग ATM मशीन में गोंद लगाकर कार्ड फंसा देते। फिर ग्राहक को फर्जी नंबर देकर मदद के बहाने पिन कोड हासिल करते। इसके बाद कार्ड निकालकर दूसरे ATM से पैसा निकाल लिया करते। फिर चोरी के पैसे से ज्वेलरी या अन्य महंगी चीजें खरीदते थे। पुलिस अब साथी अभय की तलाश में जुट गई है। मामले की जांच जारी है।








