Ranchi : कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर राज्य सरकार ने झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इसे बढ़ा कर अब 13 मई सुबह 6 बजे तक कर दिया गया है। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार सिर्फ एक बदलाव किया गया है। जो सरकारी कार्यालय दिन के 2 बजे तक खुलते थे, वे अब पहले की तरह पूरे दिन खुले रहेंगे।
यह निर्णय बुधवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन विभाग के साथ हुई बैठक में लिया गया। इस बार स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह में पहले से जारी सख्ती के अलावा कोई नई बंदिश नहीं लगाई गई है।
यहां याद दिला दें कि सबसे पहले स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक लागू किया गया था। फिर इसे बढ़ा कर 6 मई तक कर दिया गया था। लेकिन अब इसे एक हफ्ते के लिए बढ़ाते हुए 13 मई सुबह 6 बजे तक कर दिया गया है।
















