Patna : ये कोई फ़िल्मी कहानी नहीं, बल्कि हकीकत है। राजधानी पटना के बीचोंबीच, भीड़-भरे अस्पताल के एक कमरे में दिनदहाड़े गोली मार दी गई। पारस अस्पताल, कमरा नंबर 209 गुरुवार को यहां भर्ती एक मरीज चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से सनसनी फैल गई।
चंदन कोई आम मरीज नहीं था। बक्सर के चूना व्यवसायी की हत्या में उम्रकैद की सजा पा चुका कैदी, जो इलाज के लिए पैरोल पर बाहर आया था। उसकी तबीयत खराब थी, ऑपरेशन हुआ था। लेकिन शायद मौत ने अस्पताल में ही उसकी कुर्सी बुक कर रखी थी। पांच अपराधी एक गाड़ी में आये, सीधे कमरे में घुसे और गोली चला दी। चंदन वहीं ढेर हो गया। न कोई शोर, न कोई भगदड़, सब कुछ उतना ही ठंडा और तेज था, जितना पेशेवर हत्यारे होते हैं।
CCTV कैमरे ने सब रिकॉर्ड किया पर पुलिस ने मीडिया से अपील की है कि वीडियो सार्वजनिक न किया जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो।अब सवाल ये नहीं कि चंदन मारा गया, सवाल ये है कि क्या अब अस्पताल भी महफूज नहीं रहे।








